रोहित कौशिक
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में सात व आठ नवंबर को सुबह छह से सात बजे और रात आठ से दस बजे तक हरित पटाखे चलाने की अनुमति दे दी। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि वह पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के पक्ष में नहीं है लेकिन अधिकारियों को अदालत के आदेशों का जमीन पर सख्ती से पालन कराना होगा। तीन-चार दिन पहले ही कोर्ट ने कहा था कि हर साल आदेश और निर्देश पारित करने का कोई मतलब नहीं है, यदि उन्हें लागू नहीं किया जाता। ऐसा करना अदालत के आदेशों का मजाक बनाना होगा। कोर्ट ने कहा कि हम जनता की भावनाओं को भी समझते हैं। हम पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन हमें बहुत सख्त रुख अपनाने के लिए मजबूर न करें। कोर्ट ने अधिकारियों को मौके पर जाकर यह देखने की हिदायत भी दी कि उसके निर्देशों का पालन हो रहा है या नहीं।
दरअसल धार्मिक पर्वों से सम्बन्धित आस्था हमारे अन्दर एक नए आत्मविश्वास का संचार कर जिन्दगी के सफर को बिना अवरोध के आगे बढ़ाने में सहायक होती है। लेकिन जब हमारी आस्था जिन्दगी के सफर में अवरोध पैदा करे तो उसकी प्रासंगिकता एवं अस्तित्व पर पुनर्विचार किया जाना आवश्यक है। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि हमारी आस्था जहां एक ओर किसी तर्क को स्वीकार नहीं करती वहीं दूसरी ओर परम्परा के बंधनों से भी मुक्त नहीं होना चाहती। यही कारण है कि कभी-कभी इसी अंध आस्था की वजह से हमारे अस्तित्व के ऊपर संकट के बादल मंडराने लगते हैं। यह समाज यह क्यों नहीं समझ पा रहा है कि प्रकृति की रक्षा न करके हम स्वयं अपनी आस्था पर हमला कर रहे हैं। प्रकृति की रक्षा की बात हमारे शास्त्रों में भी कही गई है। ईश्वर प्रकृति के कण-कण में विराजमान है। यदि हम जीवनदान देने वाली प्रकृति की रक्षा करेंगे तो इससे जहां एक ओर प्रकृति को सुरक्षा कवच प्राप्त होगा वहीं दूसरी ओर ईश्वर के प्रति हम अपनी आस्था को और भी अधिक मजबूत करेंगे।
दीपावली दीपों का त्योहार है। इस प्रकाशोत्सव पर हमें कोशिश करनी होगी कि इस साल यह पर्व हमारे जीवन में सच्चे अर्थों में प्रकाश लेकर आए। दरअसल जब तक हम दीपों के साथ-साथ अपनी इच्छा शक्ति के प्रकाश से प्रदूषण रूपी अंधकार को मिटाने के लिए कृतसंकल्प नहीं होंगे तब तक हमें सच्ची खुशी नहीं मिल सकती। यह दुर्भाग्यपूर्ण ही है कि हम दीपावली के पावन पर्व पर पटाखों के धूम-धडाकों के बीच उस प्रदूषण रूपी अंधकार की आहट नहीं सुन पाते जो तेजी से हमारे जीवन को अपने शिकंजे में कसने के लिए चला आ रहा है। क्या इस मुद्दे पर कोर्ट के फैसले से अलग समाज की कोई जिम्मेदारी नहीं है ?
दरअसल सरकार ने दिल्ली-एनसीआर में हरित पटाखे चलाने की अनुमति दी है लेकिन गांवों, कस्बों और छोटे शहरों में हरित पटाखों की आड़ में साधारण पटाखे खूब बिकते हैं। इन साधारण पटाखों से वायु और ध्वनि प्रदूषण बहुत अधिक बढ़ जाता है। इस दौरान वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और नाइटोजन ऑक्साइड जैसी गैसों की मात्रा आश्चर्यजनक रूप से बढ़ जाती है। इसके अतिरिक्त विभिन्न जहरीले रसायन, फ्लोराइड्स और अनेक धातुओं की बढ़ोतरी भी वातावरण को प्रदूषित करती है। इस तरह दीपावली का यह प्रदूषण समस्त मानव जाति, पेड-पौधों, जीव-जन्तुओं एवं प्राचीन ऐतिहासिक इमारतों पर अपना दुष्प्रभाव डालता है। वायु प्रदूषण के कारण मनुष्य को आंख, गले, चर्म एवं श्वसन तंत्र के अनेक रोग घेर लेते हैं। दीपावली पर सबसे अधिक परेशानी दमें, ब्रोंकाइटिस एवं दिल के मरीजों को होती है। इस दौरान जहां एक ओर दमें एवं ब्रोंकाइटिस के मरीजों का सांस उखड़ने लगता है वहीं दूसरी ओर दिल के मरीजों का रक्तचाप बढ़ जाता है। दीपावली पर वायु प्रदूषण से सिर दर्द एवं उल्टी के लक्षण प्रकट होने लगते हैं। पटाखों के शोर-शराबे से जीव-जन्तुओं एवं मनुष्य की जैविक क्रियाएं भी प्रभावित होती हैं।
इस वायु प्रदूषण से पेड़-पौधों की पत्तियों में स्थित स्टोमेटा बन्द हो जाते हैं, जिससे प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया प्रभावित होती है। साथ ही साथ पत्तियों का क्यूटिकल नामक आवरण भी नष्ट हो जाता है। गौरतलब है कि क्यूटिकल पत्तियों के माध्यम से होने वाली अत्यधिक जल-क्षति को रोकता है। यह वायु प्रदूषण विभिन्न प्रकार की धातुओं, चमडे, पेन्ट, पेपर, मार्बल आदि सामानों की क्षय-दर को बढ़ाता है।
यह दुर्भाग्यपूर्ण ही है पटाखों के कारण होने वाला ध्वनि प्रदूषण भी हमारे लिए हानिकारक सिद्ध हो रहा है। ध्वनि प्रदूषण के कारण मनष्य में सिर दर्द, बहरापन, अवसाद, अनिंद्रा, दिल एवं तंत्रिका तंत्र के विभिन्न रोग पैदा हो रहे हैं। दीपावली के दौरान ध्वनि प्रदूषण से दिल के मरीजों के अलावा पशु-पक्षी भी सहम जाते हैं और उनकी जैविक क्रियाएं मंद पड़ जाती हैं। गौरतलब है कि कुछ समय पहले सुप्रीम कोर्ट ने वायु प्रदूषण रोकने के लिए सरकार को कुछ सुझाव दिए थे। इसके कुछ समय बाद सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से पूछा था कि इस सम्बन्ध में दिए गए निर्देशों के अनुसार सरकार ने काम क्यों नहीं किया ? दरअसल वायु प्रदूषण बढ़ने पर सरकारें जरूर सक्रिय होती हैं लेकिन जैसे ही प्रदूषण कम होता है, सरकारें पुनः सो जाती हैं। जबकि वायु प्रदूषण कम करने वाले उपायों पर पूरे साल सक्रियता के साथ काम होते रहना चाहिए। हमें यह समझना होगा कि कोई भी तकनीक प्रदूषण को कम करने में सहायता तो कर सकती है लेकिन इसे पूरी तरह से खत्म नहीं कर सकती। कई बार मौसम में परिवर्तन भी इस प्रदूषण के लिए जिम्मेदार होता है। रही-सही कसर हमारी नासमझी और मानवीय गतिविधियां पूरी कर देती हैं। यही कारण है कि हर साल अक्टूबर-नवम्बर में होने वाले इस प्रदूषण कम करने के लिए नीतियां तो बनती हैं लेकिन उनका सही ढंग से क्रियान्वयन न होने के कारण नतीजा ढाक के तीन पात रहता है। सरकारी नीतियों के सही ढंग से क्रियान्वयन के साथ जब तक जनता पूर्ण रूप से जागरूक नहीं होगी, वायु प्रदूषण को पूरी तरह से कम नहीं किया जा सकता।
साल-दर-साल दीपावली की आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पटाखा उद्योग में लगे कारीगर एवं मजदूरों के साथ-साथ आतिशबाजी करने वाले बच्चे और बड़े भी इन दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं। अभी हाल ही में कुछ जगहों पर पटाखा उद्योग में हुई दुर्घटनाओं के कारण अनेक लोग मारे गए। कुल मिलाकर दीपावली की आतिशबाजी हमारे लिए परेशानी का सबब बन रही है। इसलिए अब समय आ गया है कि हम परम्परा के बंधनों से मुक्त होकर इस आतिशबाजी को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाएं और सीमित मात्रा में पटाखों का इस्तेमाल करें। अब ऐसे मुद्दों पर कोर्ट, शासन और प्रशासन के फैसलों से अलग समाज को स्वयं जिम्मेदारी लेकर जागरूक होना होगा।