पंकज चतुर्वेदी
देश के गोदाम अनाज से भरे हैं और उत्पादन हर साल नया रिकॉर्ड बना रहा है। फिर भी खेती की ज़मीन पर जो हो रहा है, वह निश्चिंत होने का मौका नहीं देता। खेत छोटे होते जा रहे हैं और उन्हीं से उम्मीदें बड़ी होती जा रही हैं। जिस मिट्टी से हम इतनी फसल निचोड़ रहे हैं, वह भीतर से थक रही है। खाद्य सुरक्षा का असली सवाल यह नहीं है कि आज थाली में अनाज है या नहीं। सवाल यह है कि वह ज़मीन यह बोझ और कितने साल उठा पाएगी।
कृषि मंत्रालय की भूमि उपयोग सांख्यिकी (2023-24) के अनुसार देश में कृषि योग्य भूमि 179.60 मिलियन हेक्टेयर है, जो रिपोर्ट किए गए कुल क्षेत्र का 58.6 प्रतिशत है। खाद्यान्न उत्पादन 2013-14 के 246.42 मिलियन टन से बढ़कर 2024-25 में 357.73 मिलियन टन हो गया। इसलिए यह कहना ठीक नहीं होगा कि देश में अनाज खत्म होने वाला है। पर यह तस्वीर का एक ही हिस्सा है। दूसरा हिस्सा उतना सुकून देने वाला नहीं है।
कृषि योग्य भूमि का अनुपात 1950-51 में 66.7 प्रतिशत था और 2000-01 में 60.11 प्रतिशत। सात दशकों में इसमें आठ प्रतिशत अंक से ज़्यादा की गिरावट आई है। शुद्ध बोया गया क्षेत्र 1990-91 में 142.87 मिलियन हेक्टेयर के शिखर पर था, जो अब घटकर 138.99 मिलियन हेक्टेयर रह गया है। इसी दौरान गैर-कृषि उपयोग की जमीन 9.4 मिलियन हेक्टेयर से बढ़कर 28.55 मिलियन हेक्टेयर हो गई है। शहर, सड़कें, उद्योग और जलाशय खेतों की कीमत पर फैलते गए हैं। चंडीगढ़ की लगभग 60 प्रतिशत और दिल्ली की करीब 44.6 प्रतिशत जमीन गैर-कृषि उपयोग में जा चुकी है।
यह चिंता नई नहीं है। वेस्टलैंड एटलस-2019 में भी यही बात दर्ज थी। उसके मुताबिक दुनिया की कुल भूमि में भारत की हिस्सेदारी केवल 2.4 प्रतिशत है, जबकि विश्व की आबादी में उसका हिस्सा 18 प्रतिशत है। भारत में प्रति व्यक्ति भूमि 0.12 हेक्टेयर है और वैश्विक औसत 0.29 हेक्टेयर। एटलस ने बताया था कि 2003-04 में खेती लायक कुल भूमि 18.32 करोड़ हेक्टेयर थी, जो 2008-09 में घटकर 18.24 करोड़ हेक्टेयर रह गई। करीब आठ लाख हेक्टेयर भूमि का उपयोग गैर-कृषि कार्यों में हुआ। जिन राज्यों को हम खाद्य उत्पादक कहते हैं, वहाँ भी खेती वाली ज़मीन घटी। पंजाब में 14,000 हेक्टेयर से अधिक, पश्चिम बंगाल में 62,000 हेक्टेयर, केरल में 42,000 हेक्टेयर और बिहार में 1,000 हेक्टेयर। इन आँकड़ों में कुछ राहत भी थी। ग्रामीण विकास मंत्रालय की योजनाओं से सात वर्षों में 14.5 लाख हेक्टेयर बंजर भूमि को उपजाऊ बनाया गया। लेकिन जितनी ज़मीन जोड़ी गई, उससे कहीं तेज़ी से खेत बँटते और सिमटते रहे।
खेत केवल घट नहीं रहे, टुकड़ों में भी बँट रहे हैं। पीढ़ी-दर-पीढ़ी बँटवारे ने औसत जोत को कृषि गणना के अनुसार 1970-71 के लगभग 2.28 हेक्टेयर से घटाकर 2015-16 में 1.08 हेक्टेयर कर दिया। उस समय लगभग 86 प्रतिशत किसान छोटे और सीमांत थे। 2021-22 के अनंतिम आँकड़ों में RBI ने औसत जोत को एक हेक्टेयर से कम बताया है और नाबार्ड के सर्वेक्षण में यह 0.7 हेक्टेयर तक दर्ज हुई है। अख़बारों में छपी कृषि गणना की रिपोर्ट बताती है कि 1970-71 में सीमांत किसानों की संख्या 3.62 करोड़ थी, जो 2015-16 तक बढ़कर 9.98 करोड़ हो गई। इसी अवधि में बड़े किसान घटकर 27.66 लाख से 8.31 लाख रह गए। उत्तर प्रदेश में लघु और सीमांत किसान 92 प्रतिशत से भी अधिक हैं। इसका अर्थ है कि खेती अब बड़े काश्तकारों का नहीं, बहुत छोटे जोतदारों का पेशा है। उन पर पूरे देश का पेट भरने का भार है और उनके पास साधन सबसे कम हैं।
छोटे खेत की सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि उसमें आधुनिक खेती पैसे के हिसाब से नहीं बैठती। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार इतने छोटे टुकड़ों के लिए उपयुक्त मशीनरी का अभाव है। जब खेत का आकार एक हेक्टेयर से भी कम हो, तो महँगी मशीन खरीदना घाटे का सौदा है। उपज बढ़ाने वाली तकनीक का फायदा तभी मिलता है जब खेत में उसके लिए जगह हो। ऐसे में किसान की लागत बढ़ती है और मुनाफा घटता है। कई परिवारों के लिए खेती गुज़ारे का साधन भर रह गई है, कमाई का नहीं। गाँवों में दूसरे रोज़गार के विकल्प कम हैं, इसलिए लोग खेती छोड़ भी नहीं पाते। नतीजा यह कि एक ही टुकड़े पर ज़्यादा लोग निर्भर हैं और हर साल खेती पर बोझ बढ़ता है।
जब एक परिवार के हिस्से में एक-दो एकड़ ही बचे, तो उसकी मजबूरी हो जाती है कि वह उसी टुकड़े से साल में दो-तीन फसलें निकाले। रिपोर्ट के अनुसार सकल फसल क्षेत्र 217.88 मिलियन हेक्टेयर है, यानी शुद्ध बोए गए क्षेत्र से करीब 79 मिलियन हेक्टेयर ज़्यादा। फसल सघनता 1950-51 के 111.1 प्रतिशत से बढ़कर 156.8 प्रतिशत हो गई है। भारत ने उत्पादन ज़मीन फैलाकर नहीं, एक ही ज़मीन को बार-बार निचोड़कर बढ़ाया है। सरकारी रिपोर्ट इसे संसाधनों का बेहतर उपयोग कहती है। पर जिस ज़मीन को आराम न मिले, उसके लिए यही उपलब्धि थकान बन जाती है।
इस थकान की कीमत मिट्टी चुका रही है। अनुमान है कि देश की करीब 120.7 मिलियन हेक्टेयर भूमि, यानी 36.7 प्रतिशत, किसी न किसी रूप में खराब हो चुकी है। इसमें लगभग 83 मिलियन हेक्टेयर जल-अपरदन की मार झेल रही है। हर साल प्रति हेक्टेयर औसतन 15.35 टन मिट्टी बह जाती है और उसके साथ 53.7 से 84 लाख टन पोषक तत्व भी। जल-अपरदन से वर्षा-आधारित फसलों का करीब 1.34 करोड़ टन उत्पादन घटता है, जिसका मूल्य लगभग 20,532 करोड़ रुपये आँका गया है। जलभराव और खारेपन से 12 से 60 लाख टन अनाज का नुकसान अलग से होता है।
समस्या की जड़ में कई कड़ियाँ जुड़ी हैं। छोटी जोत वाला किसान जोखिम नहीं उठा सकता। उसके पास फसल-चक्र बदलने की गुंजाइश नहीं और खेत को एक मौसम खाली छोड़ने की सुविधा भी नहीं। वह वही फसल बोता है जिसकी खरीद पक्की हो। रिपोर्ट में सकल फसल क्षेत्र का 50.5 प्रतिशत अनाज और मिलेट के पास है, जबकि दलहन के पास केवल 12 प्रतिशत। ऊपर से उर्वरकों का असंतुलन है। सस्ता यूरिया ज़रूरत से ज़्यादा डलता है, जबकि जैविक खाद और सूक्ष्म पोषक तत्व उपेक्षित रहते हैं। इससे मिट्टी का जैविक कार्बन घटता है, सूक्ष्मजीव मरते हैं और पानी रोकने की क्षमता गिरती है।
सिंचाई का संकट भी इसी से जुड़ा है। शुद्ध सिंचित क्षेत्र 82.4 मिलियन हेक्टेयर है और उसमें नलकूपों की हिस्सेदारी 48 प्रतिशत है, जबकि नहरों का हिस्सा घटकर 21 प्रतिशत रह गया है। यानी खेती अब भूजल पर टिकी है। पंजाब में शुद्ध बोए गए क्षेत्र की लगभग पूरी जमीन सिंचित है और हरियाणा में करीब 92 प्रतिशत। भूजल का दबाव भी सबसे ज़्यादा इन्हीं राज्यों में है। दूसरी ओर लगभग 40 प्रतिशत बोया गया क्षेत्र आज भी असिंचित है और पूरी तरह मानसून के भरोसे है। बदलती जलवायु में सूखा और अतिवृष्टि, दोनों इन खेतों को और कमज़ोर कर रहे हैं।
तो रास्ता क्या है? सबसे पहले मिट्टी की जाँच को किसान के रोज़मर्रा के फैसलों का हिस्सा बनाना होगा। मृदा स्वास्थ्य कार्ड तभी काम के हैं, जब रिपोर्ट के साथ यह भी बताया जाए कि उस खेत में कौन-सी खाद, कितनी और कब डालनी है। इससे उर्वरकों की अंधाधुंध खपत रुकेगी और किसान की लागत भी घटेगी।
दूसरा, फसल-विविधीकरण को उपदेश नहीं, लाभ का सौदा बनाना होगा। दलहन, तिलहन और मोटे अनाज को पक्की खरीद और उचित दाम मिलें, तो छोटा किसान खुद गेहूँ-धान के चक्र से बाहर आएगा। दलहनी फसलें मिट्टी को नाइट्रोजन लौटाती हैं और ढकने वाली फसलें जैविक पदार्थ बढ़ाकर कटाव रोकती हैं।
तीसरा, पानी का प्रबंधन। ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई से जलभराव और लवणीकरण, दोनों घटते हैं। वर्षा-जल संचयन, वाटरशेड विकास, तालाबों की मरम्मत और ढलानों पर अपरदन-रोधी उपाय खराब हो चुकी ज़मीन को फिर जिंदा कर सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार देश में करीब 11.6 मिलियन हेक्टेयर कृषि योग्य बंजर भूमि और 11.2 मिलियन हेक्टेयर पुरानी परती भूमि है। इसे बहाल करना नई ज़मीन जोड़ने जैसा होगा। वेस्टलैंड को उपजाऊ बनाने का जो काम पहले हुआ, उसका असर दिखा था। उसे नए सिरे से और तेज़ी से करने की ज़रूरत है।
चौथा, छोटे खेतों की ताकत को जोड़ना। किसान उत्पादक संगठनों और सहकारी खेती के जरिए छोटे किसान मिलकर मशीनें, मिट्टी-परीक्षण, भंडारण और बाज़ार साझा कर सकते हैं। मालिकाना बँटा रहे, पर खेती की योजना साझा हो, तो छोटी जोत कमज़ोरी नहीं रहेगी। भंडारण और कोल्ड-चेन में सुधार भी उतना ही ज़रूरी है, क्योंकि अनुमान है कि फल-सब्जियों का करीब 40 प्रतिशत बर्बाद हो जाता है। जो उपज खेत में मेहनत से उगी, वह रास्ते में सड़ जाए, तो ज़मीन पर डाला गया बोझ बेकार जाता है।
पाँचवाँ, उपजाऊ बहु-फसली सिंचित जमीन की हिफाज़त। जिला स्तर पर सख्त निगरानी हो, शहरों का विस्तार नियोजित ढंग से हो और खेत को आवास या उद्योग में बदलने से पहले विकल्प तलाशे जाएँ। भूमि अधिग्रहण कानून, 2013 बहु-फसली सिंचित भूमि के अधिग्रहण पर रोक लगाता है, पर ज़मीन राज्य का विषय है और रूपांतरण पर असल नियंत्रण स्थानीय नियमों के हाथ में है। जब तक वहाँ खेत को बचाने की इच्छाशक्ति नहीं दिखेगी, कानून कागज़ पर ही रहेगा।
इन सबके साथ किसान की आमदनी का सवाल भी जोड़ना होगा। जब तक खेती से सम्मानजनक आय नहीं होगी, तब तक न कोई मिट्टी में निवेश करेगा और न नई पीढ़ी खेत में टिकेगी। जो खेत बँटवारे से छोटे हुए हैं, उन्हें और छोटा होने से रोकने के उपाय भी सोचने होंगे। इसके लिए गाँवों में गैर-कृषि रोज़गार के अवसर बढ़ाने होंगे, ताकि हर परिवार को खेत के उसी टुकड़े से अपना भविष्य न चलाना पड़े।
अंत में, भारत की कहानी ज़मीन के खत्म होने की नहीं, ज़मीन के थकने की है। राष्ट्रीय स्तर पर अनाज की कमी नहीं है, पर जिस उत्पादन पर हम गर्व करते हैं, वह सिकुड़ते खेतों, घटते भूजल और कमज़ोर होती मिट्टी की पीठ पर सवार है। खेत का आकार शायद हमारे हाथ में न रहे, पर उसकी सेहत हमारे हाथ में है। मिट्टी को केवल उपज का साधन समझना बंद करके उसे जीवित तंत्र की तरह देखना होगा। जो समाज अपनी मिट्टी की देखभाल नहीं करता, उसकी थाली देर-सबेर खाली होती ही है।