उथली होती नदियां: धरती की कोख से मिलने वाला सहारा घट रहा है

उथली होती नदियां: धरती की कोख से मिलने वाला सहारा घट रहा है

पंकज चतुर्वेदी | विशेष लेख
लेखक

पंकज चतुर्वेदी

मई-जून की तपती दोपहरी में, जब महीनों से आसमान से एक बूंद नहीं गिरी होती, तब भी गंगा, कावेरी या गोदावरी का बहते रहना किसी चमत्कार से कम नहीं। नदियों को बारहमासी बनाए रखने वाली ताकत धरती के भीतर जमा वह पानी है जो धीरे-धीरे रिस कर नदी में आता रहता है। जल-विज्ञान में इसे आधार प्रवाह यानी बेसफ्लो कहते हैं। बारिश का पानी बाढ़ की तरह आता है और निकल जाता है, पर सूखे मौसम में नदी का पेट यही भरता है। अब इसी सहारे के कमजोर पड़ने की खबर है।

आईआईटी गांधीनगर के राजेश सिंह, हिरेन सोलंकी और विमल मिश्रा का अध्ययन अमेरिकन जियोफिजिकल यूनियन की पत्रिका ‘वाटर रिसोर्सेज रिसर्च’ में प्रकाशित हुआ है। इसमें 1961 से 2021 तक, यानी साठ साल, देश की 18 प्रमुख नदी घाटियों के 227 निगरानी केंद्रों का विश्लेषण किया गया है। मुश्किल यह है कि आधार प्रवाह को सीधे नापने का कोई यंत्र नहीं है, क्योंकि नदी का बहाव बारिश और भूजल, दोनों के पानी का मिला-जुला रूप होता है। वैज्ञानिकों ने उन दिनों के बहाव को आधार बनाया जब बारिश या बाढ़ का असर नहीं होता। फिर उसे पहले से प्रचलित नौ विधियों और मौसम के आंकड़ों के साथ मशीन लर्निंग से जोड़ा। उनका दावा है कि यह तरीका पुरानी विधियों से ज्यादा सटीक है, खासकर मानसून में, जब बाढ़ और भूजल को अलग करना सबसे कठिन होता है।

नतीजे असहज करते हैं। लगभग 30 फीसदी केंद्रों पर आधार प्रवाह में उल्लेखनीय गिरावट मिली, जबकि केवल 8 फीसदी पर बढ़ोतरी। यानी घटने वाले केंद्र बढ़ने वालों से करीब तीन गुना हैं। ज्यादातर घाटियों का औसत रुझान गिरावट का है। साबरमती, कावेरी, दक्षिणी तटीय नदियों और पेन्नार में गिरावट सबसे तीखी है। ये वही नदियां हैं जिनमें प्रति वर्ग किलोमीटर बहाव पहले से सबसे कम रहा है। जो पहले से प्यासी थीं, उन पर मार भी सबसे ज्यादा पड़ी है।

सबसे चौंकाने वाली बात गंगा और ब्रह्मपुत्र को लेकर है। इनके बहाव का सत्तर फीसदी से अधिक हिस्सा आमतौर पर आधार प्रवाह से आता है, इसीलिए इन्हें जल-समृद्ध माना जाता रहा है। गंगा के लगभग सभी केंद्रों पर आधार प्रवाह घटने का रुझान मिला है, और ब्रह्मपुत्र में भी कई केंद्रों पर। जिन मैदानों की रेतीली परतें भूजल का विशाल भंडार थीं और नदी को सालभर बहाए रखती थीं, वहां यह भंडार छीज रहा है। शोध पत्र में उन अध्ययनों का भी जिक्र है जो गंगा के हालिया सूखेपन को सदियों में अभूतपूर्व बताते हैं और भूजल के अत्यधिक दोहन की ओर इशारा करते हैं।

जलवायु के हिसाब से देखें तो नम इलाकों की नदियों में आधार प्रवाह का हिस्सा ज्यादा है, जबकि अर्ध-शुष्क इलाकों में औसतन करीब 38 फीसदी। सूखे इलाकों में गिरावट भी ज्यादा दिखी। लेकिन गिरावट हर जलवायु क्षेत्र में मिली है, यानी ज्यादा पानी वाला इलाका होना सुरक्षा की गारंटी नहीं है। ब्राह्मणी, गोदावरी, सिंधु, सुवर्णरेखा और उत्तर-पूर्वी तटीय घाटियों में औसत रुझान बढ़त का रहा, पर वहां भी एक ही घाटी में कहीं बढ़त है तो कहीं गिरावट। साफ है कि कहां कितना पानी खींचा गया, कहां जंगल कटे, कहां बांध बना और कहां तालाब बचे, ये स्थानीय कारण कई बार पूरे बेसिन के रुझान से ज्यादा निर्णायक होते हैं।

मानसून का मिजाज भी भूमिका निभाता है। अल नीनो वाले वर्षों में आधार प्रवाह औसत से काफी नीचे रहा और ला नीना वाले वर्षों में ऊपर। मानसून के बीच बारिश के सूखे अंतराल जितने बढ़े, भूजल का पुनर्भरण उतना घटा। जब बारिश कभी बहुत कम और कभी एक हफ्ते में अंधाधुंध गिरे, तो धरती को पानी सोखने का समय ही नहीं मिलता।

अब इस तस्वीर में उथली होती नदियों को जोड़ें। यह अध्ययन नदी की गहराई नहीं नापता, पर नदी की सेहत का दूसरा पहलू हमारे सामने है। पहाड़ों पर अंधाधुंध जंगल कटाई, खनन और विस्फोटकों के कारण थोड़ी सी बारिश में भी भारी मलवा बह कर नदियों में गिरता है। शहरों में निर्माण का मलवा चुपके से नदी-नालों में डाल दिया जाता है। दिल्ली में एनजीटी को यमुना किनारे जमा हजारों ट्रक मलवा हटाने को कहना पड़ा। नदियां गाद से भरती हैं, रास्ता बदलती हैं और जरा सा पानी बढ़ते ही बाढ़ बन जाती हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार देश में बाढ़ प्रभावित जमीन 1951 के एक करोड़ हेक्टेयर से कई गुना बढ़ चुकी है। ऊपर से सरकार और समाज अक्सर नदी के सूखने का इंतजार करते हैं ताकि उसकी छोड़ी जमीन पर कब्जा हो सके, और पाट सिकुड़ते जाते हैं। यानी पानी भी घट रहा है और पानी के लिए जगह भी।

यहां एक सावधानी जरूरी है। शोधकर्ता खुद कहते हैं कि अध्ययन गिरावट के कारण सिद्ध नहीं करता। भूजल का दोहन, भूमि उपयोग में बदलाव, जलाशयों का संचालन और जलवायु परिवर्तन संभावित कारण हैं, जिन्हें अन्य शोधों का समर्थन तो है, पर इन्हें अभी परिकल्पना ही माना जाए। गंगा, ब्रह्मपुत्र और सिंधु के कुछ केंद्रों पर सीधे मापे गए बहाव के आंकड़े नहीं थे, वहां मॉडल से निकाला गया बहाव इस्तेमाल हुआ है। फिर भी रुझान की दिशा इतनी स्पष्ट है कि उसे नजरअंदाज करना खुद को धोखा देना होगा।

तो करें क्या? हमारी सालाना बारिश का लगभग 85 फीसदी हिस्सा तीन महीनों में बरस कर तेजी से समुद्र में चला जाता है। बाकी नौ महीने नदियों को वही पानी चलाता है जो धरती ने सहेजा हो। इसलिए पहली जरूरत भूजल पुनर्भरण की है। तालाब, झील, बावड़ी और कुंड जैसी परंपरागत संरचनाओं को बचाना होगा, नदियों के कछार और किनारे के जंगलों को सहेजना होगा, और रेत-खनन तथा कब्जों पर सख्ती करनी होगी। दूसरी जरूरत भूजल दोहन पर नियंत्रण की है। जहां खेती का पानी जमीन से खिंचता है, वहां कम पानी वाली सिंचाई और इलाके के जल-संतुलन के अनुरूप फसल-चक्र अपनाना होगा। तीसरी बात, नदी को केवल ऊपर बहती धारा नहीं, धरती के भीतर के जल-तंत्र से जुड़ी जीवित इकाई मानकर नीतियां बनानी होंगी।

जब नदियों के पारंपरिक मार्ग सिकुड़ रहे हैं, उनकी गहराई घट रही है और भीतर से मिलने वाला सहारा छीज रहा है, तब नदियां न अच्छे मानसून को संभाल पाती हैं, न सूखे को झेल पाती हैं। वे बारिश में उफन कर गांव-बस्ती-खेत में तबाही मचाती हैं और फिर सारे साल हम पानी के लिए तरसते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *