पंकज चतुर्वेदी
दिल्ली में यमुना पर पहली क्रूज सेवा शुरू हो गई है। नाम रखा गया है ‘नमो यमुना, रिवर सफारी’। सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब पांच किलोमीटर का रास्ता है, नावें इलेक्ट्रिक-सोलर हाइब्रिड हैं, एक फेरे में अधिकतम तीस यात्री बैठ सकते हैं और किराया पांच सौ रुपये प्रति व्यक्ति है। इसमें दो एसी लगे हैं और चारपंखे भी , ताकि बाहर की बदबू भीतर न आए। बोट के बाहर जाने पर सरकारी लोग साथ होते हैं जो तत्काल भीतर ले जाते हैं । इसे दिल्ली के पर्यटन का नया अध्याय और यमुना के पुनर्जन्म की शुरुआत की तरह पेश किया जा रहा है। लेकिन जिस शहर की हवा सांस लेने लायक नहीं बची और जिसकी नदी का बड़ा हिस्सा झाग और बदबू से भरा है, वहां यह क्रूज समस्या का हल नहीं, समस्या से ध्यान हटाने की कोशिश ज्यादा लगता है। दिल्ली में क्रूज चलाने का ठेका एम जी स्काइ एडवेंचर नामक कंपनी को दिया गया है। यह अंबाला की फर्म है जो मार्च 2021 में शुरू हुई थी । यह 20 करोड़ की अपरियोजन है जिसका अनुबंध मार्च 2025 में हुआ था लेकिन क्रियान्वयन में डेढ़ साल से अधिक लग गए ।
दिल्ली में यमुना कोई 52 किलोमीटर का सफर करती हैं । सराय काले खान तक आने में उसका आधा सफर हो जाता है और इसमें ही अधिकांश नाले, औद्योगिक कचरा आदि मिलता है ।आईटीओ पुल पर पहुंचते ही यह मृतप्राय हो जाती है। इसमें घुलित ऑक्सीजन की मात्रा नहीं मिलती है। यानी ऑक्सीजन शून्य है। किसी भी नदी की जीवनधारा के लिए घुलित ऑक्सीजन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के किसी भी हिस्से में यमुना जल मनुष्यों के उपयोग के लायक नहीं है। पहले यह देखिए कि क्रूज चल कहां रहा है। जगतपुर से सोनिया विहार तक का हिस्सा वजीराबाद बैराज से ऊपर पड़ता है, यानी शहर के बड़े नालों के गिरने से पहले का हिस्सा। इसलिए यहां पानी दिल्ली की बाकी यमुना के मुकाबले साफ है। इस खंड में घुलित ऑक्सीजन आम तौर पर छह से साढ़े आठ मिलीग्राम प्रति लीटर रहती है और बीओडी दो से चार के बीच। बैराज के आगे हालत उलट जाती है। ऑक्सीजन शून्य के करीब पहुंच जाती है और बीओडी पैंतीस से अस्सी के पार चला जाता है, क्योंकि नजफगढ़ और शाहदरा जैसे बड़े नाले बैराज के नीचे ही नदी में गिरते हैं। यानी सरकार ने नदी का वही छोटा टुकड़ा चुना है जो पहले से साफ था, और उसी पर नाव चलाकर साफ यमुना की तस्वीर बनाई जा रही है। असली काम, यानी नालों को रोकना, सीवेज शोधन संयंत्रों को ठीक से चलाना और औद्योगिक कचरे को नदी में जाने से रोकना, वहीं का वहीं पड़ा है।
दिल्ली के लोग यमुना की असली पहचान जानते हैं। आईटीओ और ओखला के पास सर्दियों में झाग की मोटी परत तैरती है। छठ पर लोगों को ऐसे ही पानी में उतरना पड़ता है और हर साल उसकी तस्वीरें अखबारों में छपती हैं। इन्हीं दिनों शहर की हवा भी जहरीली हो जाती है। आंखों में जलन, गले में खराश और बच्चों-बुजुर्गों में सांस की तकलीफ आम बात है। ऐसे समय में सरकार नदी की सैर का न्योता दे रही है। यह वैसा ही है जैसे घर में आग लगी हो और मालिक बैठक की सजावट बदलने में लगा हो।
अब यह सवाल कि इस नाव के लिए पानी कहां से आएगा। इसी साल मई में यही पांच किलोमीटर का रास्ता लगभग सूख चुका था, कई जगह नदी की तलहटी दिख रही थी और केवल दो-तीन फुट गहरे गड्ढे बचे थे। परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने खुद माना कि नाव कुछ सौ मीटर से आगे नहीं जा पा रही और उसके गाद में फंसने का खतरा है, क्योंकि छह-सात फुट गहराई भी उपलब्ध नहीं है। यही सेवा पहले फरवरी में शुरू होनी थी, फिर मई तक टली। विशेषज्ञों ने तभी कहा था कि इस खंड में नदी का प्रवाह कम है और गाद बहुत है, इसलिए यहां नौकायन और जल-पर्यटन की गुंजाइश सीमित है। मानसून के बाद नदी भरी तो सेवा शुरू कर दी गई। यानी जिस नाव को साल भर चलना है, वह नदी के मौसम की मोहताज है। इससे भी बड़ी चिंता यह है कि सरकार ने खुद बताया है कि मोटर नाव के लिए तीन से नौ फुट पानी चाहिए और दिल्ली जल बोर्ड इस खंड में उपयुक्त जलस्तर बनाए रखेगा। सवाल यह है कि नदी का पानी अब नाव की गहराई के हिसाब से रोका और छोड़ा जाएगा, तो यमुना के बहाव और पेयजल की प्राथमिकता का क्या होगा?
पानी मिल भी जाए तो नाव में बैठकर देखने को क्या है? जो पर्यटक पहले दिनों में सवार हुए, उन्होंने बताया कि बैराज के पास बने स्टेशन से नाव सोनिया विहार की ओर बढ़ती है तो दोनों किनारों पर देखने लायक कुछ नहीं मिलता। किनारे कहीं-कहीं लोग खड़े होकर हाथ हिलाते हैं और नाव में बैठे लोग जवाब देते हैं। कुछ देर यह अच्छा लगता है, पर सफर का आकर्षण नहीं बनता। दूसरे किनारे पर कुछ पक्षी जरूर दिखते हैं, लेकिन उन्हें देखने के लिए पांच सौ रुपये का टिकट नहीं चाहिए। जो थोड़ा बहुत देखने लायक है, वह नदी और खादर का अपना है, किसी सरकारी परियोजना का नहीं।
इस क्रूज की तुलना बनारस और कोलकाता से की जा रही है। बनारस में गंगा की सैर का मतलब है चौरासी घाटों के दर्शन, दशाश्वमेध की आरती और दीपों की कतारें। कोलकाता में हुगली की सैर में हावड़ा ब्रिज, विद्यासागर सेतु, प्रिंसेप घाट और पुराने घाट आते हैं, और लंबे रास्तों पर बेलूर मठ व दक्षिणेश्वर के दर्शन भी होते हैं। वहां नदी शहर के इतिहास और आस्था का हिस्सा है, इसलिए नाव की सवारी का मतलब बनता है। जगतपुर से सोनिया विहार के बीच न घाट है, न स्मारक, न कोई ऐसा दृश्य जिसके लिए लोग खिंचे चले आएं। साबरमती की तर्ज पर यमुना रिवरफ्रंट की बात होती है, पर उस पर काम शुरू होने में अभी वक्त है। यानी पहले नाव उतार दी गई, मंजिल बाद में बनेगी।
किराये का सवाल भी गंभीर है। पांच सौ रुपये प्रति व्यक्ति में चार लोगों के परिवार को दो हजार रुपये देने होंगे, वह भी चालीस मिनट की यात्रा के लिए। पर्यटक इसे वास्तव में तीस मिनट की सवारी बता रहे हैं। इस पर परिसर में प्रवेश के लिए पचास रुपये का अलग शुल्क है। टिकट खरीद चुके लोग पूछ रहे हैं कि उनसे यह अतिरिक्त पैसा क्यों लिया जा रहा है। कई ने विरोध जताया है और मांग की है कि टिकट सस्ता हो और टिकटधारियों को प्रवेश शुल्क से छूट मिले। रोज जाम, प्रदूषण और महंगाई से जूझने वाला दिल्ली का आम आदमी इस क्रूज का ग्राहक बन ही नहीं सकता। करीब बीस करोड़ रुपये की इस परियोजना का बाजार वे लोग हैं जिनके पास शौक के लिए पैसा और फुर्सत दोनों है, या फिर वे तस्वीरें जो उद्घाटन के दिन खींची जाती हैं।
पर्यटन की बात करने वालों को यह भी बताना चाहिए कि वहां पहुंचा कैसे जाए। उसी इलाके में कुछ साल पहले सिग्नेचर ब्रिज को बड़ा पर्यटन केंद्र बनाने की योजना बनी थी। दावा हुआ था कि दिल्ली को नई पहचान मिलेगी। आज वही पुल अंधेरे में डूबा रहता है, वहां तक पहुंचना मुश्किल है और भजनपुरा जैसे रास्तों पर हर समय जाम रहता है। जब एक पर्यटन योजना का यह हाल हो चुका है, तो उसी इलाके में दूसरी योजना लाने से पहले यह तो पूछा ही जाना चाहिए कि पहली का क्या हुआ। सड़क, सार्वजनिक परिवहन, रोशनी, शौचालय, पीने का पानी, सुरक्षा और खान-पान की जगहें जैसी बुनियादी चीजें पहले चाहिए। यमुना में नावें पहले भी चलती रही हैं, पर वजीराबाद के इलाके में पर्यटक कभी नहीं आए, क्योंकि वहां ढांचा ही नहीं है। नाव उतार देने से ढांचा नहीं बन जाता।
अब पर्यावरण का सवाल, जो सबसे अहम है। यह वही खादर है जहां कछुए और जलीय जीव मिलते हैं और सर्दियों में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं। यानी शहर की यमुना का यही हिस्सा सबसे संवेदनशील और कीमती है। सरकार कहती है कि नावें इलेक्ट्रिक-सोलर हाइब्रिड हैं, इसलिए पर्यावरण के अनुकूल हैं। धुआं न होना अच्छी बात है, पर इससे नदी के जीव सुरक्षित नहीं हो जाते। दुनिया भर में हुए अध्ययन बताते हैं कि नावों की आवाजाही का असर सीधे नदी के जीवों पर पड़ता है। यमुना पर अलग से कोई अध्ययन अभी सामने नहीं आया है, पर इन शोधों को अनदेखा नहीं किया जा सकता।
कनाडा में ‘एक्वाटिक कंज़र्वेशन’ पत्रिका में छपे एक शोध में नॉर्दर्न मैप टर्टल पर मोटरबोट के असर को परखा गया। धूप सेंकना कछुओं के लिए शरीर का तापमान और ऊर्जा संभालने का मुख्य तरीका है। शोधकर्ताओं ने पाया कि नाव की आहट से कछुए धूप सेंकना छोड़ देते हैं और मई जैसे ठंडे महीने में इस खलल से उनकी चयापचय दर में करीब साढ़े सात प्रतिशत तक की कमी आ सकती है, जिसका असर उनके विकास और प्रजनन पर पड़ सकता है। अमेरिका के पर्ल नदी में लुप्तप्राय रिंग्ड सॉबैक कछुओं पर हुए अध्ययन में भी नावों की संख्या, गति और धूप सेंकने की जगहों की उपलब्धता का असर कछुओं के व्यवहार पर दिखा, और जहां नावें ज्यादा चलती थीं, वहां किशोर और युवा कछुए कम मिले। ओक्लाहोमा में हुए एक अन्य अध्ययन के अनुसार नावों की आवाजाही बढ़ने के साथ कछुओं के जख्मी होने की दर भी बढ़ती गई। यमुना के इसी खंड में कछुए मिलते हैं।
पक्षियों पर भी यही बात लागू होती है। फ्लोरिडा में तेईस प्रजातियों के जलपक्षियों पर हुए एक अध्ययन में नाव के पास आते ही पक्षी इससे पहले ही उड़ जाते थे और उनके उड़ने की औसत दूरी लगभग बीस से साठ मीटर तक पाई गई। अमेरिका की ऑडुबॉन सोसाइटी की समीक्षा के मुताबिक नौकायन से पक्षियों के बार-बार उड़ने पर उनकी ऊर्जा ज्यादा खर्च होती है। प्रवासी पक्षियों के लिए, जो लंबी उड़ान के बाद आराम और भोजन के लिए यहां रुकते हैं, ऊर्जा की यह बर्बादी हल्की बात नहीं है। इंडोनेशिया की महाकम नदी में इरावदी डॉल्फिन पर हुए शोध में मोटर चालित नावों की मौजूदगी में डॉल्फिनें कम बार सतह पर आईं, और उसी अध्ययन में गंगा की डॉल्फिन के भी मोटर नावों से बचने का उल्लेख है। इन सब शोधों में ज्यादातर पारंपरिक मोटरबोट थीं, इलेक्ट्रिक नावें कम आवाज करती हैं। पर नाव की मौजूदगी, उसकी लहरें और किनारों पर बढ़ती भीड़ का असर शून्य नहीं हो जाता। इसीलिए सवाल सीधा है कि क्या इस क्रूज से पहले यमुना और उसके जीवों पर असर का कोई स्वतंत्र अध्ययन हुआ, और क्या उसे सार्वजनिक किया गया? अगर नहीं, तो यह लापरवाही है। अगर हुआ है, तो जनता से क्यों छिपाया जा रहा है?
पर्यावरणविद इससे आगे की चिंता भी जता चुके हैं। मोटर नावों की हलचल से किनारे कमजोर होंगे और कटाव तेज होगा। सरकारी अधिकारी इसे खारिज करते हैं और कहते हैं कि सौर नावों से कोई प्रदूषण नहीं होगा। बेहतर होता कि इस बहस को अनुमान पर छोड़ने के बजाय नापा जाता, यानी क्रूज से पहले और बाद में किनारे, पानी और पक्षियों की गिनती के आंकड़े सामने रखे जाते।
एक बात समझना होगा कि क्रूज वाले इलाके में साफ पानी भी स्थायी नहीं है। यहां साल भर पानी का दिखना काफी हद तक बैराज पर रोकने और हरियाणा से छोड़ने के इंतजाम पर टिका है। गर्मी में जलस्तर नीचे चला जाता है, जैसा इसी साल मई में दिखा। जनवरी से मार्च के बीच कई बार इसी खंड में अमोनिया सुरक्षित सीमा आधा पीपीएम से कई गुना ऊपर, तीन से पांच पीपीएम तक चला जाता है। इसकी वजह ऊपर हरियाणा के औद्योगिक इलाकों से आने वाला कचरा है। ऐसे में अगर पानी कम हुआ या अमोनिया बढ़ा, तो क्रूज का क्या होगा? अमोनिया बढ़ने पर सोनिया विहार जैसे जल शोधन संयंत्र भी उत्पादन घटाने को मजबूर होते रहे हैं, जिसका सीधा असर दिल्ली के घरों में पानी की आपूर्ति पर पड़ता है।
असल बात यह है कि क्रूज यमुना की स्वच्छता का प्रतीक नहीं है। नदी का जो टुकड़ा पहले से साफ था, उसे सजाकर पूरी नदी के साफ होने का भ्रम पैदा किया जा रहा है। यह भी याद रखिए कि यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग 110 घोषित किया गया है और जहाजरानी मंत्रालय तथा अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने दिल्ली सरकार के कई विभागों के साथ समझौता किया है। यानी नदी को अब परिवहन और पर्यटन के गलियारे की तरह देखा जा रहा है। नदी सिर्फ पानी का रास्ता नहीं है। वह बाढ़ का मैदान, भूजल, जैव विविधता और शहर की सांस है। उसे मनोरंजन का गलियारा बना देने से उसका असली संकट हल नहीं होता, उस पर परदा पड़ता है।
सरकार के पास अपने बचाव में तर्क होंगे। वह कहेगी कि यह एक शुरुआत है, कि जल परिवहन को बढ़ावा देना जरूरी है और कि नदी में लोगों की दिलचस्पी बढ़ेगी तो उसे बचाने की चिंता भी बढ़ेगी। इसमें थोड़ा सच हो सकता है। पर उसकी परीक्षा तब होगी जब क्रूज के साथ-साथ नालों की सफाई, शोधन संयंत्रों की क्षमता और पारदर्शी आंकड़े भी सामने आएं। अभी तो प्रचार आगे है और काम पीछे।
यमुना को नाव नहीं, नदी चाहिए। उसे उसका प्रवाह चाहिए, उसके किनारे चाहिए और वह साफ पानी चाहिए जो नालों में नहीं, नदी में बहे। नावें तो पझले से यमुना में चल रही है लेकिन उनमें बहुत काम पर्यटक जाते हैं । जब तक आईटीओ और ओखला की यमुना से झाग और बदबू नहीं हटती, तब तक जगतपुर की साफ धारा पर चलने वाली नाव सफलता की निशानी नहीं, एक महंगा और खोखला दिखावा ही रहेगी। ज़हरीली हवा में सांस लेते दिल्ली के लोगों को रिवर सफारी की नहीं, साफ हवा और साफ नदी की जरूरत है।