क्यों न सारे साल सहेजे जाते नदियां - तालाब-पोखर ?

क्यों न सारे साल सहेजे जाते नदियां – तालाब-पोखर ?

पंकज चतुर्वेदी

ऐसी ही समस्या पूरे बुंदेलखंड में हैं । यहाँ  पूरे कार्तिक महीने महिलायें  घर-गाँव के तालाब में बहुत-सुबह नहाती हैं । उन्हें छेंकने अर्थात रोकने देवर जाते हैं और गीत होते हैं । जैसे-जैसे तालाब दूषित हुए, ‘कतकारियों’ की लोक परंपरा सिमटती गई । कुछ जगह प्रशासन और नेता कार्तिक आने पर तालाब के किनारे की साफ सफाई करवा देते हैं। कहते हैं कार्तिक माह में भगवान विष्णु  मत्स्य अवतार में जल-निधियों में रहते है । इसी लिए इस महीने में सारे देश में सात्विक भोजन और सुबह का तारा दिखते समय स्नान की परंपरा है । इसके वैज्ञानिक और व्याहवारिक पक्ष तों है ही लेकिन असल मसला यह है कि जो जल-निधियों में धर्म-आस्था- संस्कार और संस्कृति के समग्र-दर्शन होते हैं, उन्हें समाज केवल अपने मोक्ष की कामना वाले पर्वों के दौरान ही क्यों याद रखता है ? विचार करना होगा कि जिस नदी-तालाब के लिए सारे साल समाज बेपरवाह रहता है, उसके घाटों पर अपनी पूजा के पूर्व ही झाड़ू- बुहारू क्यों होने लगती है? कहने को वहां  छठ पूजा स्थाई चबूतरे होते हैं । बुंदेलखंड में तो अधिकांश तालाबों के किनारे देवालय भी हैं फिर भी साल के साढ़े तीन सौ दिन वह स्थान सार्वजनिक शौचालय से बदतर होता है। जैसे ही पर्व का समापन होता है, जिस नदी में भक्त खड़े थे, वह देखते ही देखते काला-बदबूदार नाला बन जाती है। उसके किनारे पॉलिथीन, छोड़े गए भोजन, शाक-पत्तियों के कूड़े का ढेर बन जाते हैं । बस नाम बदलते जाएँ देश के अधिकाँश नदी और तालाबों की यही  गाथा है।

अपनी जमीन से उजड़ कर बड़े नगरों में गए पूर्वांचली  कोशिश करते है कि घर से दूर अपनी परम्परा का जैसे तैसे पालन हो जाये- चाहे सोसायटी के स्विमिंग पूल में या फिर  अस्थाई बनाए गए कुंड में, लेकिन वह बेपरवाह रहता है कि असली छठ  मैया  तो उस  जल-निधि की पवित्रता में बसती है जहाँ उसे सारे साल सहेज कर रखने की आदत हो । यह ऋतू के संक्रमण काल का पर्व है ताकि कफ, वात और पित्त दोष को नैसर्गिक रूप से नियंत्रित किया जा सके और इसका मूल तत्व है जल- स्वच्छ जल। जीवनदायी कहलाने वाला यदि जल यदि स्वच्छ नहीं है तो जहर है।

छठ पर्व वास्तव में बरसात के बाद नदी-तालाब व अन्य जल निधियों के तटों पर बह कर आए कूड़े को साफ करने, अपने प्रयोग में आने वाले पानी को इतना स्वच्छ करने कि घर की महिलाएं भी उसमें घंटों खड़ी हो सकें, दीपावली पर मनमाफिक खाने के बाद पेट को नैसर्गिक उत्पादों से पोषित करने और विटामिन के स्त्रोत सूर्य के समक्ष खड़े होने का वैज्ञानिक पर्व है। दुर्भाग्य है कि अब इसकी जगह ले ली- आधुनिक और कहीं-कहीं अपसंसकृति वाले गीतों ने, आतिशबाजी,घाटों की दिखावटी सफाई, नेतागिरी, गंदगी, प्लास्टिक-पॉलीथीन जैसी प्रकृति-हंता वस्तुओं और बाजारवाद ने।

अस्थाई जल-कुंड या सोसायटी के स्वीमिग पुल में छठ पूजा की औपचारिकता पूरा करना असल में इस पर्व का मर्म नहीं है। लोग नैसर्गिक जल-संसाधनों तक जाएं, वहां घाट व तटों की सफाई करें , संकल्प करें कि पूरे साल इस स्थान को देव-तुल्य सहेजेंगे और फिर पूजा करें । इसकी जगह अपने घर के पास एक गड्ढे में पानी भर कर पूजा के बाद उसके गंदा, बदबूदार छोड़ देना तो इसकी आत्मा को मारना ही है।

बिहार में सबसे बड़ा पर्व तो छठ ही है । वहां की नदियों के हालात भी यमुना- हिंडन से ही हैं । जलवायु परिवर्तन का असर इस राज्य पर भारी है सो, नदियों में अभी से पानी की मात्रा कम है। लोगों को छोटी जल निधियों का सहारा है। जान लें बिहार में कोई एक लाख छः हज़ार तालाब, 34 सौ आहर और लगभग 20 हजार जगहों पर नहर का प्रवाह है। यदि हर एक जलनिधि पर स्थानीय समाज का एक संगठन हो , जो इन स्थानों की स्वच्छता और जल आवक-जावक पर निगाह रखे तो छठ का असली मन्तव्य पूरा हो सकता हैं । उद्दाहरण के लिए तमिलनाडु में ‘एरी’ का मॉडल देखें , जहां हर गाँव के तालाब अर्थात एरी के लिए पदाधिकारी चुने जाते हैं जो उससे जुड़े हर फैसले जनता के सहयोग से लेते हैं ।

दिल्ली में तो हजार से ज्यादा अस्थाई तालाब बने, हर एक पर सरकार ने  लाखों रुपये खर्च किए । जबकि इसी शहर में 650 से अधिक विशाल पारंपरिक तालाब उपेक्षित हैं । सतपुला,बारापुला  जैसी  कई जल नहर हैं लेकिन वहाँ पानी की जगह कूड़ा बहता हैं । काश यमुना के कुछ घाट , तालाबों और जल धाराओं को संरक्षित अकरने का जिम्मा समाज के लोगों को ही सौंप दिया जाता  और जिस धन से अस्थाई निर्माण होते हैं , उससे स्थाई  सफाई, रखरखाव की बात होती । ठीक ऐसा ही बुंदेलखंड या देश के उन इलाकों में किया जा सकता है जहां इस तरह स्नान की लोक परंपरा और आस्था का संगम होता है । यदि ऐसे प्रयोजनों में महिलाओं की भागीदारी हो तो शुचिता और अनुशासन की संभावना बढ़ जाती है ।

      हमारे पुरखों ने जब  छठ या कार्तिक स्नान जैसे पर्व की कल्पना की थी तब निश्चित ही उन्होंने  हमारी जल निधियों को एक उपभोग की वस्तु के बनिस्पत साल भर श्रद्धा व आस्था से सहेजने  के जतन के रूप में स्थापित किया होगा।

किसी पर्व पर नदी-तालाब में भौर का स्नान लोक आस्था का प्रमुख सोपान है- प्रकृति ने अन्न दिया, जल दिया, दिवाकर का ताप दिया, सभी को धन्यवाद और ‘तेरा तुझको अर्पण क्या लागे मेरा’ का भाव। सनातन धर्म में प्राकृतिक जल निधियों में डुबकी या स्नान एक ऐसा पर्व है जिसमें किसी मूर्ति-प्रतिमा या मंदिर की नहीं, बल्कि प्रकृति यानि सूर्य, धरती और जल की पूजा होती है।  धरती पर जीवन के लिए, पृथ्वीवासियों के स्वास्थ्य की कामना और भास्कर के प्रताप से धरतीवासियों की समृद्धि के लिए भक्तगण उगते सूर्य के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं। बदलते मौसम में जल्दी सुबह उठना और सूर्य की पहली किरण को जलाशय से टकरा कर अपने शरीर पर लेना, वास्तव में एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है। सूर्य की किरणों से महिलओं को साल भर के लिए जरूरी विटामिन डी मिल जाता है। यह विटामिन डी कैल्शियम को पचाने में भी मदद करता है। तप-व्रत  से रक्तचाप नियंत्रित होता है और सतत ध्यान से नकारात्मक विचार मन-मष्तिष्क से दूर रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *