जिस नदी के तट पर मोक्ष की कामना लेकर भगवान श्रीराम आए, जहाँ अमृत की बूंदें गिरीं, जहाँ स्वयं महाकाल की नगरी बसी है,
जिस नदी के तट पर मोक्ष की कामना लेकर भगवान श्रीराम आए, जहाँ अमृत की बूंदें गिरीं, जहाँ स्वयं महाकाल की नगरी बसी है,

शिप्रा को अमृत तो मिला, हम उसे जीवन नहीं दे पाए…

डॉ. स्वप्निल व्यास पर्यावरणविद् इंदौर 

जिस नदी के तट पर मोक्ष की कामना लेकर भगवान श्रीराम आए, जहाँ अमृत की बूंदें गिरीं, जहाँ स्वयं महाकाल की नगरी बसी है, आज उसी शिप्रा को अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

किसी सभ्यता का पतन तब शुरू नहीं होता जब उसके महल ढहते हैं, बल्कि तब शुरू होता है जब वह अपनी जीवनदायिनी नदियों को खोने लगती है। नदियाँ केवल जलधाराएँ नहीं, बल्कि संस्कृति, आस्था, परंपरा और जीवन का आधार होती हैं। भारत में नदियों को माँ कहने की परंपरा इसी जीवनदायी महत्व का प्रतीक है। लेकिन विडंबना देखिए कि जिस शिप्रा के तट पर हजारों वर्षों से आस्था का दीप जलता आया है, आज उसी की जलधारा को जीवित रखने के लिए कृत्रिम व्यवस्थाओं का सहारा लेना पड़ रहा है।

शिप्रा केवल उज्जैन की नदी नहीं, बल्कि भारतीय पौराणिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत धरोहर है। मान्यता है कि समुद्र मंथन से निकले अमृत की बूंदें जिन चार स्थानों पर गिरीं, उनमें उज्जैन भी शामिल है। इसी से सिंहस्थ कुंभ की परंपरा जुड़ी है। भगवान श्रीराम के आगमन और पूर्वजों के निमित्त धार्मिक अनुष्ठान की मान्यताएँ भी इस क्षेत्र की सांस्कृतिक स्मृतियों का हिस्सा हैं। रामघाट, सिद्धवट और मंगलनाथ जैसे तीर्थ इस नदी की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान हैं।

लेकिन आज सवाल यह है कि जिस नदी में स्नान को हम पुण्य मानते हैं, उसे स्वच्छ और अविरल बनाए रखने के लिए हमने क्या किया? हमने शिप्रा को धार्मिक सम्मान तो दिया, लेकिन क्या पर्यावरणीय संरक्षण दिया? घाट बनाए, आयोजन किए, मेले लगाए, लेकिन क्या उसके प्राकृतिक प्रवाह, जलग्रहण क्षेत्र और सहायक नदियों को बचाने की चिंता की?

गंदे नाले, घरेलू अपशिष्ट, सीवेज, अतिक्रमण, रेत का अनियंत्रित दोहन और प्राकृतिक जलस्रोतों की उपेक्षा ने शिप्रा की स्थिति को गंभीर बनाया है। सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि जिस नदी के अमृतमय होने की मान्यता के कारण दुनिया भर से श्रद्धालु आते हैं, उसी में स्नान के लिए नर्मदा का पानी लाना पड़ता है। नर्मदा-शिप्रा लिंक जैसी व्यवस्थाएँ तत्कालीन जरूरत पूरी कर सकती हैं, लेकिन क्या यह स्थायी समाधान है? आखिर शिप्रा को अपने ही जल से जीवित रखने में हम सफल क्यों नहीं हो पाए?

अब 2028 का सिंहस्थ सामने है। घाट, सड़कें, पुल, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए भव्य तैयारियाँ हो रही हैं। व्यवस्थाएँ आवश्यक हैं, लेकिन क्या सिंहस्थ की सफलता केवल निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं की संख्या से तय होगी? क्या सबसे बड़ा पैमाना यह नहीं होना चाहिए कि सिंहस्थ के समय शिप्रा में स्वच्छ और अविरल जलधारा हो? मेले की भव्यता पर ध्यान है, लेकिन नदी के स्थायी पुनर्जीवन को उतनी प्राथमिकता क्यों नहीं?

इंदौर की कान्ह और सरस्वती नदियों का प्रदूषित पानी भी आगे चलकर शिप्रा को प्रभावित करता है। स्वच्छता के लिए देशभर में पहचान बनाने वाले इंदौर के लिए यह आत्ममंथन का विषय है। सड़कें चमकदार हों, लेकिन नदियाँ गंदे नालों में बदल जाएँ तो स्वच्छता का दावा अधूरा है। केवल डायवर्जन और तकनीकी परियोजनाएँ पर्याप्त नहीं, सीवेज का शत-प्रतिशत शोधन और संपूर्ण नदी तंत्र का संरक्षण जरूरी है।

शिप्रा का पुनर्जीवन घाटों के सौंदर्यीकरण से नहीं होगा। इसके लिए उद्गम से संगम तक नदी के प्राकृतिक प्रवाह, सहायक जलधाराओं, तालाबों, कुओं और जलग्रहण क्षेत्रों को पुनर्जीवित करना होगा। नदी में मिलने वाले नालों की निगरानी, वर्षा जल संचयन, अतिक्रमण पर कार्रवाई और किनारों पर देशी फलदार एवं छायादार वृक्षों की हरित पट्टी विकसित करनी होगी। समाज, धार्मिक संस्थाओं और युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ना होगा।

सिंहस्थ केवल बारह वर्षों में आयोजित होने वाला मेला नहीं, बल्कि नदी और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी याद दिलाने का अवसर है। हमें ऐसा सिंहस्थ चाहिए जो समाप्त होने के बाद शिप्रा को पहले से अधिक स्वच्छ और जीवंत छोड़कर जाए।

अंततः सवाल सरकार से भी है और समाज से भी। हम शिप्रा को माँ कहते हैं, लेकिन क्या माँ के प्रति हमारा कर्तव्य केवल आरती उतारना है? जिस नदी के तट पर मोक्ष की कामना की जाती है, आज उसी नदी को जीवनदान की आवश्यकता है।

याद रखिए, सिंहस्थ की भव्यता कुछ महीनों तक दुनिया को दिखाई देगी, लेकिन शिप्रा की दुर्दशा आने वाली पीढ़ियों को भुगतनी पड़ सकती है।

अब समय है कि हम सिंहस्थ के लिए शिप्रा को तैयार करने के बजाय शिप्रा के पुनर्जीवन के लिए सिंहस्थ को माध्यम बनाएं। क्योंकि मेला नदी से है, नदी मेले से नहीं। शिप्रा को केवल स्नान के योग्य नहीं, जीवन के योग्य बनाना होगा। यही हमारी आस्था की परीक्षा और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा सबसे बड़ा धर्म है।